अल्पसंख्यक समाज की अनदेखी पड़ेगी भारी—सादिक खान

—भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने किया कांग्रेस सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन                        

जयपुर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने कांग्रेस सरकार में अल्पसंख्यक समुदाय की घोर अनदेखी किए जाने के खिलाफ सोमवार को कोटा शहर में जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप काले गुब्बारे छोड़े। 


इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एम.सादिक खान ने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि आईएएस में पदोन्नति नहीं किए जाने से समाज मे रोष है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का अल्पसंख्यक विरोधी चेहरा एक बार फिर सामने आ गया है। सरकार इसके नतीजे भुगतने के लिए तैयार रहे। इस मौके पर अजमेर दरगाह कमेटी चेयरमैन अमीन पठान ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतरी,इसलिए आने वाले उपचुनाव में अल्पसंख्यक समाज इनको मुंहतोड़ जवाब देगा। मोर्चा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर मजीद मलिक कमांडो ने कहा कि गहलोत सरकार में ढाई वर्ष पूर्ण होने के बावजूद भी अल्पसंख्यक समाज के बोर्डों का गठन नहीं करना सरकार की मानसिकता को दर्शाता है। मोर्चा प्रदेश महामंत्री हमीद खान मेवाती ने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार ने अल्पसंख्यक समाज की योजनाओं को पुन: शुरू नहीं किया गया तो मोर्चा के कार्यकर्ता जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगा। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.मुश्ताक खान,प्रदेश मंत्री अयूब खान सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।